रांची, 13 नवंबर 2025 — 25वें झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह की तैयारियाँ अब अपने अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। मुख्य आयोजन स्थल मोरहाबादी मैदान में आज गृह विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती वंदना दादेल ने उच्चाधिकारियों के साथ तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि यह समारोह झारखंड की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक विविधता और राज्य की 25 वर्षीय विकास यात्रा को भव्य रूप में प्रदर्शित करेगा। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं की क्रमबद्ध समीक्षा करते हुए समयबद्धता, सुरक्षा, गुणवत्ता और आमजन की सुविधा पर विशेष जोर दिया।
15 नवंबर को होंगे शिलान्यास और उद्घाटन
स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। 15 और 16 नवंबर को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेते हुए प्रधान सचिव ने सभी विभागों को बिना किसी देरी के कार्य पूरा करने को कहा।
सभी पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियाँ
श्रीमती दादेल ने मुख्य मंच, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा घेराबंदी, प्रवेश और निकास द्वार, मीडिया सेंटर, चिकित्सा सुविधा, स्वागत कक्ष के साथ-साथ प्रदर्शनी स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएँ उच्च गुणवत्ता की हों और यह सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को सुरक्षित और सुगम अनुभव मिले।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान सचिव वाणिज्य कर श्री अमिताभ कौशल, कल्याण सचिव श्री कृपानंद झा, आईजी दक्षिणी छोटानागपुर श्री मनोज कौशिक, आदिवासी कल्याण आयुक्त श्री कुलदीप चौधरी, विशेष सचिव एवं निदेशक IPRD श्री राजीव लोचन बख्शी, रांची के उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन समेत सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग की अपील की है।
जन शिकायत हेतु रांची जिला प्रशासन का व्हाट्सएप नंबर: 9430328080
