झारखंड स्थापना की रजत जयंती पर उत्साह कम, सरकार पर आजसू का बड़ा हमला

झारखंड स्थापना की रजत जयंती पर उत्साह कम, सरकार पर आजसू का बड़ा हमलारांची, 13 नवम्बर 2025:

झारखंड स्थापना की रजत जयंती पर उत्साह कम, सरकार पर आजसू का बड़ा हमला

झारखंड निर्माण की 25वीं वर्षगांठ पर आजसू पार्टी ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है। पार्टी नेताओं ने कहा कि हेमंत सरकार के छह वर्षों में झारखंड 25 वर्ष पीछे चला गया है और विकास का कोई स्पष्ट रोडमैप दिखाई नहीं देता।

पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी तथा मीडिया संयोजक परवाज खान मौजूद थे। नेताओं ने झारखंड स्थापना की रजत जयंती पर राज्य की जनता को बधाई देते हुए कहा कि एक अलग राज्य के सपने और शहीदों के संघर्ष आज भी अधूरे हैं।


“बुनियादी मुद्दे अब भी अनसुलझे” – डॉ. देवशरण भगत

केंद्रीय प्रवक्ता डॉ. देव शरण भगत ने कहा कि स्थानीय नीति, नियोजन नीति, आरक्षण नीति, विस्थापन नीति और बेरोजगारी उन्मूलन जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी है।
उन्होंने कहा कि झारखंड देश को 40% तक खनिज राजस्व देता है, लेकिन यहां की जनता पलायन, बेरोजगारी और गरीबी से जूझ रही है।


“राज्य का विकास ठप, शिक्षा–स्वास्थ्य की स्थिति कमजोर” – प्रवीण प्रभाकर

केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने दावा किया कि एनडीए शासनकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में विकास की बुनियादी शुरुआत हुई थी, लेकिन वर्तमान सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।

उन्होंने कई आंकड़े रखते हुए कहा कि—

  • राष्ट्रीय गरीबी दर 22%, जबकि झारखंड में 39%

  • राष्ट्रीय साक्षरता दर 77.7%, झारखंड में मात्र 66.41%

  • कक्षा 10 तक ड्रॉपआउट दर 35%

  • कुपोषण दर 19.6%

  • 10,000 पर राष्ट्रीय औसत 9 चिकित्सक, झारखंड में मात्र 3.5 चिकित्सक

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा घोषित 5 लाख रोजगार में से 1 लाख नौकरियां भी नहीं दी गईं


“आंदोलनकारियों के साथ धोखा, भ्रष्टाचार चरम पर” – हसन अंसारी

केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों को पहचान और न्याय देने का वादा आज भी अधूरा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनकारी आयोग “भ्रष्टाचार का अड्डा” बन गया है और चिन्हितिकरण का काम अधूरा छोड़ा गया है।

हसन ने कहा कि—

  • राज्य में अफसरशाही हावी है

  • म्यूटेशन से लेकर विभागों में भ्रष्टाचार बढ़ा है

  • थानों और पोस्टिंग की कीमत तय है

  • अवैध कोयला व्यापार, एक्सटॉर्शन और लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं

उन्होंने कहा कि सरकार जनहित की बजाय नौकरशाहों और विधायकों के हित में झुकी हुई है और अब जनता इस सरकार से जवाब मांग रही है।


आजसू नेताओं ने कहा कि रजत जयंती के अवसर पर राज्य में उत्साह की कमी सरकार की विफलताओं को उजागर करती है। पार्टी ने शहीदों के सपनों को पूरा करने तथा विकास को तेज गति देने की मांग दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *