रांची, 03 दिसंबर 2025:
परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का की पुण्यतिथि पर आज रांची उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने अल्बर्ट एक्का चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। चौक पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और महान वीर की स्मृति में श्रद्धा व्यक्त की।

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि लांस नायक अल्बर्ट एक्का का सर्वोच्च बलिदान हमेशा राष्ट्र की प्रेरणा का स्रोत रहेगा। 1971 के भारत-पाक युद्ध में उनके अदम्य साहस, वीरता और कर्तव्यपरायणता ने देश को गौरवान्वित किया और उन्हें परमवीर चक्र सम्मान से अलंकृत किया गया। उन्होंने कहा कि अल्बर्ट एक्का की वीर गाथा हर भारतीय के दिल में गर्व और सम्मान की भावना जगाती है।

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने भी कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले ऐसे वीर सैनिक समाज के लिए आदर्श हैं। उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और लोगों ने राष्ट्रनायक अल्बर्ट एक्का को नमन किया और उनके साहस को याद करते हुए राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया।
