27वीं नेशनल टेनिस वॉलीबॉल चैम्पियनशिप 2025 का रांची में हुआ आयोजन 19 राज्यों के 650 खिलाड़ियों ने लिया भाग

रांची: रांची के खेलगांव स्टेडियम में आयोजित 27वीं टेनिस वॉलीबॉल राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2025 का समापन समारोह भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के 19 राज्यों से आए लगभग 650 खिलाड़ियों ने भाग लिया और पूरे टूर्नामेंट के दौरान कड़ा व रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री संजय सेठ ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की । साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित श्री शंभुनाथ झा (रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष), डॉ. आर.के. दास (प्राचार्य, एसएमपीएस), श्री नीरज सिन्हा (प्राचार्य, एसएमपीएस), सुश्री सुरभि सिंह (संपादकीय सदस्य, Nexsus 18 News), श्री जगदीश सिंह जग्गू (अध्यक्ष, झारखंड टेनिस वॉलीबॉल फेडरेशन) तथा श्री ब्रजेश प्रसाद (महासचिव) ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की।

आयोजन में आये अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय खेल आयोजनों से झारखंड की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिलती है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और हर मैच में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। आयोजकों ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, कोच, निर्णायकों, स्वयंसेवकों एवं मीडिया के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *