Bihar Election 2025: पिता जदयू से सांसद, बेटे ने वोटिंग से पहले थामा लालटेन का दामन; दिलचस्प है बिहार चुनाव

बांका: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी के बीच बिहार में दल-बदल का सिलसिला तेज हो गया है। पूर्णिया के पूर्व जदयू सांसद संतोष कुशवाहा के राजद में शामिल होने के बाद अब बांका के जदयू सांसद गिरिधारी यादव के पुत्र चाणक्य प्रकाश रंजन ने भी राजद का दामन थाम लिया है।तेजस्वी यादव से मुलाकात के बाद उन्होंने औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। ज्ञात हो कि उन्होंने गुरुवार की संध्या पटना स्थित आवास पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात के बाद शुक्रवार को राजद की सदस्यता ग्रहण की।

सूत्रों का कहना है कि चाणक्य को बेलहर सीट से राजद का उम्मीदवार बनाने की पूरी संभावना है।इस बार रामदेव यादव का टिकट कटने और उनकी जगह चाणक्य के मैदान में उतरने की चर्चा ने सियासत को गर्मा दिया है। बेलहर विधानसभा से सांसद गिरिधारी यादव दो बार जदयू के विधायक रहे हैं। जदयू से ही एक बार जर्नादन मांझी विधायक बने। वर्तमान में जदयू से मनोज यादव यहां से विधायक हैं। इसके पहले गिरिधारी के सांसद बनने के बाद 2019 में हुए उपचुनाव में राजद से रामदेव यादव की जीत हुई थी।

मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ, बेटा स्वतंत्र है: गिरिधारी यादव

चर्चा है कि चाणक्य पहले जदयू से टिकट चाह रहे थे। बात नहीं बनने पर राजद का रास्ता चुना। पुत्र के राजद के लड़ने के सवाल पर जदयू सांसद गिरिधारी यादव ने कहा कि वे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ हैं। मेरी आस्था एनडीए के साथ है। बेटा युवा है, उसकी अपनी सोच व स्वतंत्र विचार है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *