आज हो सकती है बिहार चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा, चुनाव आयुक्त बोले- जरूर वोट करें

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा सोमवार को होने के आसार हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भी पटना में दो दिवसीय दौरे के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में रविवार को बताया कि चुनाव और उसके चरणों की घोषणा जल्द होगी। सूत्रों की मानें तो सोमवार दोपहर बाद बिहार चुनाव की घोषणा हो जाएगी। ज्ञानेश कुमार ने बिहार के लोगों से अपील की कि लोक आस्था के महापर्व छठ की तरह चुनाव को लोकतंत्र के महापर्व के रूप में उत्साहपूर्वक मनाएं। मतदान अवश्य करें। उन्होंने कहा कि 17वीं बिहार विधानसभा की कालावधि 22 नवंबर को समाप्त हो रही है, उसके पहले चुनाव संपन्न होंगे।

प्रेस कांफ्रेंस की शुरुआत मुख्य चुनाव आयुक्त ने भोजपुरी और मैथिली में की। उन्होंने सफल एसआईआर के लिए बिहार के मतदाताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि अब इसे पूरे देश में कराएंगे। बिहार ने वैशाली से लोकतंत्र दिया है। बिहार चुनाव में लागू की जा रही 17 नई पहल पूरे देश के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होंगी। प्रेस कांफ्रेंस में चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधु एवं चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी, महानिदेशक, मीडिया आशीष गोयल, बिहार के मुख्य निर्वाचन आयुक्त विनोद सिंह गुंजियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

आधार नागिरकता का प्रमाण नहीं

मुख्य चुनाव आयुक्त ने आधार कार्ड को लेकर कहा कि इसे पहचान पत्र के रूप में स्वीकार किया जाएगा। यह नागरिकता का प्रमाण नहीं। उन्होंने राजनीतिक दलों से हर बूथ पर चुनाव एजेंट बहाल करने और मतदान से पूर्व और मतदान की समाप्ति के बाद फॉर्म 17 सी लेकर जाने तक उनकी मौजूदगी सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि लंबी लाइन न लगे इसलिए एक बूथ पर वोटरों की संख्या 1200 कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *