बिहार में SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी, जानें Voter list से कितने नाम कटे?

Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आधिकारिक ऐलान से पहले चुनाव आयोग ने फाइनल वोटर लिस्ट जारी की है।

निर्वाचन आयोग द्वारा  के बाद शनिवार को राज्य की सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों की वोटर लिस्ट जारी कर दिया गया हैँ. अंतिम मतदाता सूची में राज्य के सात करोड़ 41 लाख 92 हजार 357 योग्य मतदाताओं का नाम शामिल किया गया है. सूची में तीन करोड़ 92 लाख सात हजार 804 पुरुष मतदाता हैं जबकि तीन करोड़ 49 लाख 82 हजार 828 महिला वोटर शामिल हैं. सूची में 1725 थर्ड जेंडर के वोटर हैं. विशेष श्रेणी में 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या चार लाख तीन हजार 985 है. अंतिम सूची में पहली बार 18-19 वर्ष के नये 14 लाख एक हजार 150 मतदाताओं के नाम शामिल किये गये हैं. इसके साथ ही दिव्यांग मतदाताओं की संख्या सात लाख 20 हजार 709 है.

हटाया गया 22 लाख से ज्यादा मृतकों का नाम

आयोग द्वारा जारी आंकड़ों में बताया गया है कि 24 जून को जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के समय से लेकर अंतिम मतदाता सूची तक राज्य भर से कुल 69 लाख 30 हजार 817 मतदाताओं के नाम सूची से हटाये गये. इसमें एसआइआर और दावा-आपत्ति के माध्यम दोनों आंकड़े शामिल हैं. इधर एसआइआर के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची में कुल 21 लाख 53 हजार 343 नये वोटरों के नाम सूची में शामिल किये गये हैं. एसआइआर आरंभ होने के पहले बिहार की सभी विधानसभा क्षेत्रों में कुल सात करोड़ 89 लाख 69 हजार 844 मतदाताओं के नाम शामिल थे. एसआइआर के दौरान 22 लाख 34 हजार 136 मतदाता मृत पाये गये जबकि छह लाख 85 हजार मतदाताओं के नाम को दोहरी प्रविष्टि पायी गयी थी. इसी प्रकार से एसआइआर में कुल 36 लाख 44 हजार 939 मतदाता स्थायी रूप से स्थानांतरित पाये गये. इस प्रकार एसआइआर में कुल 65 लाख 64 हजार 75 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से बाहर किये गये.

फाइनल वोटर लिस्ट के अनुसार, पटना जिले में अब कुल 48 लाख 15 हजार 294 मतदाता हैं. जबकि 1 अगस्त 2025 को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 46 लाख 51 हजार 694 मतदाता दर्ज थे.

एक महीने तक चली दावा और आपत्ति की प्रक्रिया के बाद जिले में कुल 1 लाख 63 हजार 600 नए वोटर्स जुड़ गए हैं. इसमें नए मतदाताओं का नाम जोड़ा गया, डुप्लीकेट और त्रुटिपूर्ण नाम हटाए गए तथा स्थानांतरण के मामलों को भी ठीक किया गया.

आयोग के अनुसार, अब कोई भी मतदाता आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर अपने नाम और विवरण को देख सकता है. वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होने से ही मतदान का अधिकार सुनिश्चित होता है, इसलिए आयोग ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी प्रविष्टियां अवश्य जांच लें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *