रजरप्पा: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रविवार को दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अस्थि-कलश को लेकर पैतृक गांव नेमरा से रजरप्पा स्थित दामोदर नदी घाट पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने यहां पूरे पारम्परिक विधि-विधान से स्मृति शेष-“गुरुजी” की अस्थियों को दामोदर नदी में विसर्जित किया।हेमन्त सोरेन के साथ उनके छोटे भाई विधायक बसंत सोरेन सहित अन्य पारिवारिक सदस्य तथा नेमरा ग्रामवासी मौजूद रहे।
नम आंखों से अस्थियां विसर्जित
मुख्यमंत्री ने नम आंखों से दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अस्थियां विसर्जित की। रजरप्पा स्थित दामोदर नदी के घाट पर स्थानीय पाहन की ओर से सभी विधिवत रीति-रिवाज का अनुपालन कराते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के हाथों से दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अस्थियां विसर्जित कराई गई, अस्थियां प्रभावित करते समय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के आंखों में अपने पिता को खोने की पीड़ा साफ झलक रही थी।
गरीबों के बीच कपड़े और खाद्य सामग्री का वितरण
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अस्थि विसर्जन के बाद मां छिन्नमस्तिका मंदिर में जाकर माता का आशीर्वाद लिया। मंदिर में पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद गरीब और असहाय लोगों के बीच कपड़े और खाद्य सामग्री का वितरण किया।
