रामगढ़ः झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी राज्यपाल संतोष गंगवार और योग गुरु बाबा रामदेव शनिवार को रामगढ़ स्थित उनके पैतृक गांव नेमरा में पहुंचे। संस्कार भोज में शामिल होने के लिए देश भर के गणमान्य लोग, सांसद और विधायक सहित कई नेता राज्य की राजधानी रांची से लगभग 70 किलोमीटर दूर नेमरा पहुंच रहे हैं। करीब दो लाख लोगों के संस्कार भोज में शामिल होने की संभावना है।

गुरुजी का व्यक्तित्व मुझे प्रभावित करती थी-राजनाथ

इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी से मेरी कई मुलाकातें हुईं। उनकी सहजता, सरलता एवं व्यक्तित्व मुझे प्रभावित करती थी। गुरुजी सिर्फ आदिवासी ही नहीं बल्कि अन्य समाज के भी अभिभावक के रूप में जाने जाते थे। मैं अपनी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के सह-संस्थापक, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री, 8 बार के लोकसभा सांसद, राज्यसभा के सदस्य और अलग झारखंड राज्य के लिए सबसे लंबे समय तक संघर्ष करने वाले दिशोम गुरु शिबू सोरेन 5 अगस्त 2025 पंचतत्व में विलीन हो गये. उनके श्राद्ध भोज के दिन आज उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए लोगो का जनसैलाब उमड़ा,शिबू सोरेन अमर रहे’ के नारे से गूंजा नेमरा, लोग बोले- झारखंडियों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे दिशोम गुरु।
