रांची, 03 दिसंबर 2025:
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, रांची में देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद और क्रांतिकारी खुदीराम बोस की जयंती तथा परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने तीनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष श्री कमलेश ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद का साधारण परिवार से राष्ट्रपति पद तक का सफर उनके तप, त्याग और उच्च नैतिक मूल्यों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनकी सादगी और देशहित के प्रति समर्पण हर भारतीय के लिए प्रेरणा है।
क्रांतिकारी खुदीराम बोस को याद करते हुए श्री कमलेश ने कहा कि उनकी शहादत देश के प्रति प्रेम, साहस और समर्पण की सर्वोच्च मिसाल है। खुदीराम बोस आजादी की लड़ाई के सबसे कम उम्र के बलिदानियों में गिने जाते हैं, और उनका योगदान राष्ट्र सदैव याद रखेगा।
परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का की वीर गाथा का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि एक्का की शहादत झारखंड ही नहीं, पूरे देश को गौरवान्वित करती है। 1971 के युद्ध में उनका बलिदान राष्ट्र के लिए हमेशा प्रेरक रहेगा।
कार्यक्रम में राकेश सिन्हा, रमा खलखो, आलोक कुमार दुबे, सोनाल शांति, नेलीनाथन, विनजय भारती, बलकू, छोटू सिंह, राजू राम, बैजू गहलोत, राजीव प्रकाश चौधरी, धंनजय श्रीवास्तव, नीतू देवी, संजय कुमार झा, फिरोज रिज्वी, सीता राणा, पार्वती सिंह, रोहन जायसवाल सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन और समापन प्रदेश कांग्रेस कमिटी की प्रवक्ता सोनाल शांति ने किया।

