आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार”: रांची में विशाल जनसेवा शिविर, उपायुक्त ने किया परिसंपत्तियों का वितरण

रांची में ‘आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में बड़ा जनसेवा शिविर
रांची में ‘आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में बड़ा जनसेवा शिविर

झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती पर रांची जिले में “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” के तहत विशाल जनसेवा शिविरों का आयोजन

झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर रांची जिले में सोमवार को “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत पंचायत स्तर पर बड़े पैमाने पर जनसेवा शिविरों का आयोजन किया गया। नामकुम प्रखंड के हाहाप पंचायत में आयोजित मुख्य शिविर में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री शामिल हुए और लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया।

शिविर में उप विकास आयुक्त श्री सौरभ भुवनिया, बीडीओ नामकुम श्री विजय कुमार, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधिगण, पंचायत प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने किया परिसंपत्तियों का वितरण
उपायुक्त ने किया परिसंपत्तियों का वितरण

पंचायत स्तर पर प्रशासन की पहुंच—एक सार्थक पहल: उपायुक्त

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य सरकार की एक जन-केंद्रित पहल है, जिसके माध्यम से प्रशासनिक तंत्र सीधे पंचायत स्तर पर लोगों के द्वार तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि शिविरों में पहले से आवेदन कर चुके लाभुकों को जाति, आय, आवासीय सहित अन्य प्रमाण-पत्र ऑन-द-स्पॉट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अधिकारीगण सदैव उनकी सेवा में तत्पर हैं तथा सभी लाभुक योजनाओं का समयबद्ध लाभ उठाएं।

योजनाओं की विस्तृत जानकारी और ऑन-द-स्पॉट वितरण

शिविर में उपायुक्त ने गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, ग्राम गाड़ी योजना, मनरेगा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान निम्न परिसंपत्तियों का वितरण किया गया—

  • सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृति पत्र

  • सोना-सोबरन धोती–साड़ी

  • दाखिल-खारिज शुद्धि पत्र एवं अन्य प्रमाण-पत्र

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

रांची में ‘आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में बड़ा जनसेवा शिविर
रांची में ‘आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में बड़ा जनसेवा शिविर

मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष फोकस: अन्नप्राशन व गोद भराई संपन्न

नामकुम हाहाप शिविर में उपायुक्त ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत एक नवजात शिशु का अन्नप्राशन संस्कार कराया और गर्भवती महिला की गोद भराई रस्म भी पूरी कराई।
उन्होंने कहा कि सरकार मां और बच्चे के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

किसी भी पात्र लाभुक को वंचित नहीं रहने दिया जाएगा: DDC

उप विकास आयुक्त श्री सौरभ भुवनिया ने कहा कि शिविरों में प्राप्त सभी शिकायतों और आवेदनों की लगातार समीक्षा की जा रही है। अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया जा रहा है, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध निस्तारण के लिए विभागों को भेजा जा रहा है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं को बेझिझक रखें।उपायुक्त ने किया परिसंपत्तियों का वितरण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *