होटवार जेल में महिला कैदी के शोषण का आरोप: बाबूलाल मरांडी बोले- “गर्भवती हुई पीड़िता, सबूत मिटाने की साजिश”

पटना में नेपाली लड़की को बंधक बनाकर दरिंदगी, 2 दिनों तक करता रहा दुष्कर्म

रांची: रांची के होटवार जेल में न्यायिक हिरासत में बंद एक महिला कैदी के साथ कथित शारीरिक शोषण और उसके गर्भवती होने के मामले ने झारखंड की सियासत में भूचाल ला दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने जेल सुपरिटेंडेंट पर गंभीर आरोप लगाते हुए CM हेमंत सोरेन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

बाबूलाल मरांडी के आरोप

बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा, “जेल की सलाखों के भीतर जो हुआ, उसने पूरे झारखंड को शर्मसार कर दिया है। होटवार जेल में बंद महिला कैदी के साथ जेल सुपरिटेंडेंट द्वारा लगातार शारीरिक शोषण किया गया, जिससे वह गर्भवती हो गई।”

मरांडी ने आरोप लगाया कि पीड़िता को इलाज के बहाने गुप्त स्थानों और अस्पतालों में ले जाकर जैविक गर्भ और फॉरेंसिक साक्ष्यों को नष्ट करने की साजिश रची जा रही है।

जेल IG पर भी आरोप

मरांडी ने जेल IG पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “जेल IG स्वयं इस मामले को रफा-दफा करने, फाइलें गायब करने और दोषी सुपरिटेंडेंट को संरक्षण देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। गवाह कर्मियों को योजनाबद्ध तरीके से ट्रांसफर कर चुप कराया जा रहा है।”

बाबूलाल मरांडी ने दी मुख्यमंत्री को चेतावनी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को संबोधित करते हुए मरांडी ने कहा, “यदि सुपरिटेंडेंट और सबूत मिटाने वाले जेल IG को पदमुक्त कर गिरफ्तार नहीं किया गया तो सिद्ध हो जाएगा कि जेल में बंद महिलाओं के शोषण में आप और आपके शीर्ष अधिकारी भी संलिप्त हैं।”

जांच की मांग

मरांडी ने राष्ट्रीय महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से मामले का स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग की है।

प्रशासन की चुप्पी

इस पूरे मामले पर अभी तक जेल प्रशासन या राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। होटवार जेल प्रबंधन ने आरोपों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *