बिहार विधासनभा चुनाव से पहले प्रशांत किशोर अपनी पार्टी का कुनबा बढ़ाने में लगे हुए हैं। इसी क्रम में वीआरएस ले रहे एक आईपीएस अधिकारी जेपी सिंह और भोजपुरी सिंगर एवं एक्टर रितेश पांडेय ने शुक्रवार को जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया।

भोजपुरी गायक और एक्टर रितेश पाण्डेय जन सुराज में शामिल हो गए। उनके साथ, हिमाचल कैडर के आईपीएस अधिकारी जेपी सिंह ने भी जन सुराज का दामन थामा। जहां आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों में एनडीए और महागठबंधन जोर-शोर से लगी हैं। तो चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी, जन सुराज भी ताल ठोक रही है। प्रशांत किशोर ने जन सुराज को एनडीए और महागठबंधन का विकल्प बताया है।
पिछले दिनों चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप ने भी भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर जन सुराज का दामन थामा था। प्रशांत किशोर ने ही उन्हें सदस्यता दिलाई थी। कुछ समय से भोजपुरी स्टार पवन सिंह के भी जन सुराज पार्टी में शामिल होने की अटकलें राजनीतिक गलियारों में चल रहीं थी। हालांकि, फिलहाल चर्चित भोजपुरी सिंगर एवं अभिनेता रितेश पांडेय जन सुराज में आ गए हैं।
ज्ञात हो कि प्रशांत किशोर ने पिछले साल 2 अक्टूबर को जन सुराज पार्टी का गठन किया था। इससे पहले उन्होंने करीब दो साल तक गांव-गांव में जाकर पदयात्रा निकाली थी। पार्टी बनाने के बाद पीके ने राज्य की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया
