रांची : रांची समाहरणालय भवन में बुधवार को जिला प्रशासन की पहल पर एकदिवसीय रक्तदान शिविर सह मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस रक्तदान शिविर में समाहरणालय तथा इससे जुड़े कार्यालयों के पदाधिकारियों, कर्मचारियों और परिसर में आने वाले लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी राजीव कुमार ने रक्तदान कर अन्य को प्रेरित किया। सभी को प्रमाणपत्र एवं सम्मान चिह्न दिए गए। वहीं, मेडिकल कैंप में भी बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई।
उप विकास आयुक्त श्री भुवनिया ने सभी रक्तदाताओं को साधुवाद देते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है। समाहरणालय परिवार का यह सामूहिक प्रयास अनेक जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में सहायक सिद्ध होगा।”


