राजद–कांग्रेस को छोड़े झामुमो तभी झारखंड का भला” — प्रवीण प्रभाकर

रांची, 03 दिसंबर 2025:
आज़सू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर ने आज मेदिनीनगर सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में राजद–कांग्रेस और झामुमो गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के दौरान राजद–कांग्रेस द्वारा झामुमो को अपमानित किया गया था, इसलिए अगर झामुमो में जरा भी आत्मसम्मान है तो उसे अविलंब इस गठबंधन से नाता तोड़ लेना चाहिए।

प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि राजद–कांग्रेस का चरित्र हमेशा झारखंड विरोधी रहा है और यदि झामुमो इन दलों से दूरी बनाए तो राज्य का भला संभव है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के पास विकास का कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है। राज्य में बढ़ते वित्तीय संकट और रुके हुए विकास कार्यों को लेकर उन्होंने गंभीर चिंता जताई।

उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से एसटी, एससी और ओबीसी छात्रों को पोस्ट–मैट्रिक छात्रवृत्ति नहीं मिली है जिसके खिलाफ आजसू ने राजभवन घेराव भी किया था। युवाओं को रोजगार और बेरोजगारी भत्ता देने में सरकार पूरी तरह विफल है।

कानून व्यवस्था पर बोलते हुए प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि रोजाना हत्या, अपराध और नेतृत्व में कमजोरी से लोग परेशान हैं। पूर्व डीजीपी पर गैंगस्टर से संबंधों के आरोप ने पुलिस प्रशासन की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मंडल डैम को लेकर उन्होंने कहा कि जब तक परियोजना पूरी नहीं होगी, पलामू प्रमंडल के जल संकट का स्थाई समाधान संभव नहीं। डैम बनने से जल स्तर, पेयजल संकट, पर्यावरण संतुलन और पर्यटन आधारित रोजगार में तेजी आएगी।

प्रेस वार्ता में केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, केंद्रीय सचिव विकेश शुक्ला, विजय मेहता, बबलू गुप्ता, चंद्रशेखर सिंह छोटू, जिला कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी शुक्ला, सतीश तिवारी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *