रांची : राजधानी रांची नामकुम प्रखंड में कथित भ्रष्टाचार और दलाली के खिलाफ भाजपा युवा मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजयुमो के प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रिंस कुमार ने गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी विजयी कुमार को RTI आवेदन सौंपकर कई योजनाओं में वित्तीय अनियमितता की जांच की मांग की।
प्रिंस कुमार ने आरोप लगाया कि “नामकुम प्रखंड भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। वृद्धा पेंशन, मंईयां सम्मान योजना, राशन कार्ड और आवास योजना के लिए आम जनता महीनों कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर है। बिना पैसे दिए कोई काम नहीं हो रहा, जबकि दलालों से काम तुरंत हो जाता है।”
करोड़ों की अवैध निकासी का आरोप
भाजयुमो नेता ने प्रखंड कार्यालय के कुछ कर्मचारी, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, नाजिर और ऑपरेटर की मिलीभगत से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि RTI के जरिए सभी योजनाओं की विस्तृत जानकारी मांगी गई है ताकि “भ्रष्टाचार में शामिल लोगों का सच जनता के सामने आ सके।”
हेमंत सरकार पर निशाना
प्रिंस कुमार ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, “झारखंड में भ्रष्टाचार अब व्यवस्था का हिस्सा बन चुका है। वर्तमान सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को पूरी तरह पंगु बना दिया है। जनता परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं।”
आंदोलन की चेतावनी
भाजपा युवा मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगी और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रखंड कार्यालय के समक्ष बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। प्रिंस कुमार ने कहा कि “इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।”
