रांची, 9 मई: तेज बारिश और आंधी के बीच भी शिव भक्तों की आस्था अडिग रही। सुकुरहुटू में चल रही पंडित प्रदीप मिश्रा की श्री शिव महापुराण कथा के पाँचवें दिन अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। मौसम बिगड़ने के बावजूद तीन लाख से अधिक श्रद्धालु पंडाल में डटे रहे।

कथा के दौरान अचानक तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई। लेकिन श्रद्धालुओं ने जगह नहीं छोड़ी। भावना इतनी प्रबल थी कि जब तक पूज्य प्रदीप मिश्रा जी स्वयं मंच से नहीं उठे, तब तक एक भी भक्त पंडाल से बाहर नहीं निकला।
स्थिति देखकर बाबा ने मंच से ही श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज की कथा में जो व्यवधान आया है, उसकी क्षतिपूर्ति कल की कथा में की जाएगी। बाबा के आश्वासन के बाद ही श्रद्धालु व्यवस्थित तरीके से बाहर निकले।
आज की कथा में पंडित प्रदीप मिश्रा ने भगवान पशुपतिनाथ की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से शिव आराधना करने वाले के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। बाबा ने लोगों से रोजाना शिव मंदिर जाने और भजन-कीर्तन करने का संदेश दिया।

पूरा कथा स्थल दिनभर “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंजता रहा। आज के मुख्य यजमान विवेक कुमार और उनकी पत्नी विनीता कुमारी रहे। कथा में रांची के कई गणमान्य लोग भी पहुंचे।
श्री शिवाला सेवा समिति के स्वयंसेवकों और जिला प्रशासन ने व्यवस्था संभाली। सुरक्षा, मेडिकल, पानी और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम थे। समिति के अनुसार यह कथा रोज नए कीर्तिमान बना रही है और लाखों लोगों के लिए आस्था का केंद्र बन गई है।
