रांचीः झारखंड दौरे पर आए केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज 26 अगस्त को झारखंड विधानसभा स्थित सीएम कक्ष में मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बीसीसीएल और सीसीएल से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई.
झारखंड विधानसभा में हुई इस मुलाकात के बाद केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि मुलाकात के दौरान झरिया मास्टर प्लान समेत कोल कंपनियों से जुड़े अहम मुद्दों पर बात हुई है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ चर्चा बेहद सकारात्मक रही और जल्द ही बीसीसीएल, सीसीएल और ईसीएल से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात का उद्देश्य यही था कि झरिया मास्टर प्लान और कोल कंपनियों के मुद्दों पर बातचीत हो कैसे इसमें 100% अचीवमेंट कैसे हो, इस पर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने भी भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार पूरी तरह सहयोग करेगी.
