रांचीः रांची में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने बाइक और दूसरी कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक मासूम बच्ची समेत 3 लोगों की जान चली गई। दुर्घटना बीजेपी ऑफिस के पास हरमू रोड पर हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया।
आसपास के लोगों का कहना है कि एक परिवार बाइक पर जा रहा था। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक दूर जा गिरी। हादसे में बाइक पर सवार छोटी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई, अन्य दो लोगों की भी मौके पर ही मौत हो गई।
आक्रोशित लोगों ने कार चालक को पकड़कर पीटा। उनका आरोप है कि ड्राइवर नशे में था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। लोगों को समझाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों को सड़क जाम कर हंगामा किया है. लोगों को समझा बुझाकर जाम हटाया गया है। वहीं घटना के बाद एंबुलेंस के देर से पहुंचने और हादसे से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। मौके पर हटिया डीएसपी और अरगोड़ा थाना पुलिस ने पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया।
हटिया के डीएसपी पीके मिश्रा ने बताया कि तेज रफ्तार कार चलाने के दौरान चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दियाऔर रास्ते से गुजर रहे गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज रफ्तार कार ने एक बाइक और कार में टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला और दो बच्चों की मौत हुई है। तीन लोग जख्मी हैं।
